DM DEHRADUN

आपदा में बिखरे 48 परिवारों को जिला प्रशासन ने दी ₹17 लाख की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री की प्रेरणा व प्रशासन की प्रतिबद्धता से वेस्ट वॉरियर्स ने बढ़ाए सहयोग के हाथ

देहरादून, 29 दिसंबर 2025
रायपुर ब्लॉक में गत 15 सितंबर की रात्रि को हुई अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटना से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन देहरादून ने एक सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को रायपुर ब्लॉक के 48 आपदा प्रभावित परिवारों को कुल ₹17 लाख की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की।

https://www.facebook.com/reel/659217900610003/

कलेक्ट्रेट सभागार, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में यह सहायता वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सहयोग से वितरित की गई। उल्लेखनीय है कि 15 सितंबर को आई भीषण आपदा के कारण रायपुर ब्लॉक के कई ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही हुई थी। अनेक परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए, कुछ ने अपने परिजनों को खोया, जबकि कई परिवार आजीविका संकट से जूझ रहे हैं।

एनजीओ और प्रशासन का समन्वित प्रयास

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि आपदा के बाद जिला प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ मानकों के अनुसार प्रभावितों को सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मानवीय मूल्यों के साथ आगे आकर सहयोग करना समाज के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप भविष्य में भी विभिन्न संगठनों एवं एनजीओ के माध्यम से आपदा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाती रहेगी।

इन ग्राम पंचायतों के परिवारों को मिली सहायता

रायपुर ब्लॉक की कार्लीगढ़, धनौला, फूलेत, सरखेत एवं छमरौली ग्राम पंचायतों के चयनित बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरित की गई।
वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा ₹15,000 प्रति परिवार की सहायता प्रदान की गई, जिसके अंतर्गत कुल 48 परिवारों को चेक सौंपे गए। सहायता सूची का निर्धारण जिला प्रशासन, जिला पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं संस्था के आपसी समन्वय से किया गया।

आगे भी जारी रहेगा सहयोग

वेस्ट वॉरियर्स संस्था के नवीन कुमार सडाना ने बताया कि यह सहायता दानदाताओं एवं शुभचिंतकों के सहयोग से संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे अतिरिक्त सहायता राशि प्राप्त होगी, उसे चरणबद्ध रूप से अन्य प्रभावित परिवारों तक भी पहुँचाया जाएगा।

उपस्थित अधिकारी व प्रतिनिधि

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के जीएम नीरज शर्मा, अरुण सिंह, चंदन सुशील, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, वेस्ट वॉरियर्स संस्था से मयंक शर्मा, नवीन कुमार सडाना, असलम खान, विनोद सोलंकी, पूजा, तथा मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन की निदेशिका प्रगति सडाना सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *