DM DEHRADUN

विश्वास, संवेदना और समाधान का मंच बना डीएम जनदर्शन

मुख्यमंत्री की जननीतियों से प्रेरित प्रशासन ने 172 शिकायतों पर की त्वरित कार्रवाई

देहरादून, 29 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्रीपुष्कर सिंह धामी की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित डीएम जनदर्शन सोमवार को विश्वास, संवेदना और समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरा। ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी सविन बंसल ने दूर-दराज से आए 172 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

75 वर्षीय बुजुर्ग चम्पा गिरी को मिला न्याय

ऋषिकेश निवासी 75 वर्षीय विधवा चम्पा गिरी, जो अपनी बेटी एवं पौत्र की मारपीट से पीड़ित थीं, की शिकायत पर जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को जांच सौंपी और 10 जनवरी तक आख्या तलब की। चलने-फिरने में असमर्थ बुजुर्ग महिला को प्रशासन ने सखी कैब के माध्यम से सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

बीमार शमशाद को प्रशासन का सहारा

जवाहर कॉलोनी निवासी शमशाद, जो बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, को जिलाधिकारी के निर्देश पर राइफल क्लब से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही राशन कार्ड एवं वृद्धावस्था पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कैंसर पीड़ित 11 वर्षीय बच्चे को निःशुल्क इलाज

रेलवे रोड निवासी सुरेश कुमार के 11 वर्षीय कैंसर पीड़ित बच्चे के उपचार हेतु जिलाधिकारी ने एम्स ऋषिकेश एवं दून अस्पताल में निःशुल्क इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए।

कैंसर पीड़ित महिला को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता

संजय विहार निवासी कैंसर पीड़ित मनीषा के उपचार हेतु मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

पेंशन व भूमि विवाद मामलों में त्वरित राहत

गढ़ी कैंट निवासी 70 वर्षीय सुरेश कुमार त्यागी को तीन माह से लंबित वृद्धावस्था पेंशन का मौके पर समाधान

पछवादून निवासी 69 वर्षीय देवेन्द्र डबराल की पैतृक भूमि पर कब्जे की शिकायत पर धारा-41 में वाद दर्ज

ईसी रोड निवासी बुजुर्ग महिला शकुंतला देवी के मामले में भरण-पोषण वाद दायर

विधवा और बच्चों को न्याय का भरोसा

कौलागढ़ निवासी विधवा रंजना देवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट व बीमा भुगतान में विलंब की शिकायत पर एसडीएम को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए गए।

ग्राम एवं जनहित से जुड़े मामलों पर कड़े निर्देश

धारकोट गांव में होटल निर्माण से रास्ता अवरुद्ध होने पर संयुक्त निरीक्षण के आदेश

एनएच-72 निर्माण से प्रभावित क्षेत्रवासियों के विस्थापन पर विस्तृत रिपोर्ट तलब

पीएमजीएसवाई से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की तत्काल बहाली के निर्देश

स्टोन क्रेशर, अवैध कब्जे, नाला-खाला अतिक्रमण सहित मामलों में जांच व त्वरित कार्रवाई के निर्देश

प्रशासन की संवेदनशील उपस्थिति

जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी, एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *