DEHRADUN

जिला प्रशासन की पहल से पौराणिक व लोक संस्कृति की पहचान बन रहे शहर के चौक-चौराहे

दिलाराम चौक का सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में
जिला प्रशासन की पहल से पौराणिक व लोक संस्कृति की पहचान बन रहे शहर के चौक-चौराहे

देहरादून, 02 जनवरी 2026
माननीय मुख्यमंत्री की प्रेरणा एवं जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता से देहरादून शहर के प्रमुख चौक-चौराहे उत्तराखण्ड की पौराणिक एवं लोक संस्कृति की झलक बिखेरते हुए नए स्वरूप में विकसित हो रहे हैं। इसी क्रम में राजपुर रोड स्थित दिलाराम चौक का सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य अब अंतिम चरण में पहुँच गया है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर जनमानस को समर्पित किया जाएगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में शहर के प्रमुख चौराहों के सुव्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य निरंतर प्रगति पर है। दिलाराम चौक को इस प्रकार विकसित किया जा रहा है कि यहाँ आने वाले पर्यटकों एवं आगंतुकों को उत्तराखण्ड राज्य की पौराणिक संस्कृति एवं समृद्ध लोक परंपराओं की सजीव अनुभूति प्राप्त हो सके।

सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से चौक को राज्य की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, परंपराओं एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित हो सकें। जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना ही नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में विकसित करना भी है, जिससे देहरादून की पहचान एक सुव्यवस्थित, सुंदर एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर के रूप में स्थापित हो सके।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जिला प्रशासन द्वारा कुठालगेट एवं साईं मंदिर तिराहा का भी सफलतापूर्वक सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कर उन्हें जनमानस को समर्पित किया जा चुका है, जिन्हें आम नागरिकों द्वारा व्यापक सराहना मिली है।

जिला प्रशासन देहरादून द्वारा भविष्य में भी शहर के अन्य प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों को इसी प्रकार सुव्यवस्थित एवं सौंदर्ययुक्त स्वरूप प्रदान किए जाने की योजना है, जिससे नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर शहरी अनुभव प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *