इमेजिनेशन एकेडमी ऑफ़ फाइन आर्ट्स का भव्य उद्घाटन, विद्यार्थियों की कलाकृतियों को मिली भरपूर सराहना
देहरादून।
शहर के बुद्ध चौक स्थित होटल सिटी स्टार के समीप इमेजिनेशन एकेडमी ऑफ़ फाइन आर्ट्स का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उत्तराखंड सरकार की राज्य मंत्री मधु भट्ट एवं विनोद उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद तथा हिमालयन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य स्वाति उनियाल मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अकादमी के संचालक प्रशांत कुमार आर्य द्वारा अतिथियों के साथ रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह के दौरान अकादमी के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी का अवलोकन अतिथियों ने किया, जिसे सभी ने मुक्त कंठ से सराहा।




मुख्य अतिथि राज्य मंत्री मधु भट्ट ने कहा कि फाइन आर्ट्स केवल चित्र बनाना नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं की सोच, संवेदनशीलता और कल्पनाशक्ति को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। कला व्यक्ति को समाज, संस्कृति और प्रकृति को गहराई से समझने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में कला के माध्यम से रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने कहा कि फाइन आर्ट्स बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का कार्य करता है। कला से धैर्य, अनुशासन और रचनात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने इमेजिनेशन एकेडमी ऑफ़ फाइन आर्ट्स जैसी संस्थाओं को बच्चों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि कला किसी भी समाज की आत्मा होती है। जिस समाज में कला और संस्कृति फलती-फूलती है, वह समाज दीर्घकाल तक जीवंत रहता है। फाइन आर्ट्स बच्चों में सकारात्मक सोच और सौंदर्यबोध विकसित करता है।
हिमालयन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य स्वाति उनियाल ने कहा कि शिक्षा के साथ कला का समावेश बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। फाइन आर्ट्स बच्चों को अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर देता है और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है।
अकादमी के संचालक प्रशांत कुमार आर्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इमेजिनेशन एकेडमी ऑफ़ फाइन आर्ट्स का उद्देश्य विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति को सशक्त बनाना और उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति का स्वतंत्र मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अकादमी में ड्राइंग, पेंटिंग, स्केचिंग, क्रिएटिव आर्ट सहित फाइन आर्ट्स के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अकादमी के संचालक के माता-पिता श्री सुधीर आर्य, श्रीमती पूनम आर्य एवं पत्नी श्रीमती प्रियंका आर्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, कला विशेषज्ञ, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। विद्यार्थियों की रंग-बिरंगी और भावपूर्ण कलाकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और परिसर कला के उत्सव में तब्दील नजर आया।
