अंकिता को न्याय नहीं, राजनीति से प्रेरित लड़ाई लड़ रही कांग्रेस: भाजपा
देहरादून।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस और विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि कांग्रेस को अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने से कोई सरोकार नहीं है, बल्कि वह अपनी राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस जैसे संवेदनशील मुद्दे को भी राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान जिस प्रकार राजनीतिक दलों के झंडे लहराए जा रहे हैं, उससे विपक्ष और वर्ष 2027 की नई राजनीतिक महत्वाकांक्षा पाले लोगों की मंशा साफ नजर आती है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने मजबूत पैरवी करते हुए आरोपियों को सजा दिलाई है और यदि विपक्ष को न्यायिक प्रक्रिया में कोई चूक नजर आती है तो वह अदालत में तथ्यों के साथ अपनी बात रख सकता है।
उन्होंने देहरादून सहित अन्य स्थानों पर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई अराजकता को माहौल खराब करने की साजिश करार दिया। भट्ट ने कहा कि राजधानी और अन्य जगहों पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं द्वारा जिस तरह का व्यवहार किया गया, उससे साफ है कि संवेदनशील मुद्दे की आड़ में प्रदेश में अशांति फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस एक सुनियोजित रणनीति के तहत भाजपा सरकार और संगठन की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिवंगत बेटी के हत्याकांड को लेकर विपक्ष अफवाहें और साजिशन झूठ फैलाकर जनता को गुमराह कर रहा है। लगातार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस अब इस गंभीर मुद्दे पर भी घृणित राजनीति कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कथित वीआईपी को लेकर जांच एजेंसियां स्थिति पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं और अदालत में सभी तथ्य सामने आ चुके हैं। कांग्रेस पहले भी वीआईपी को लेकर आरोप लगा चुकी है, लेकिन जब उसे सफलता नहीं मिली तो वह नए नामों के साथ फिर मैदान में उतर आई। अदालत के बाद जनता की अदालत में भी कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस रिजॉर्ट तोड़े जाने और साक्ष्य नष्ट होने के आरोपों पर भी स्थिति स्पष्ट कर चुकी है। रिजॉर्ट टूटने से कोई सबूत नष्ट नहीं हुआ, बल्कि एसआईटी ने सावधानीपूर्वक सभी साक्ष्य एकत्र किए, जो आरोपियों को सजा दिलाने में निर्णायक साबित हुए।
महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का उद्देश्य इस संवेदनशील मामले को हवा देकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करना और निजी स्वार्थ के लिए जनाक्रोश पैदा करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे षड्यंत्रों से कांग्रेस अपने मंसूबों में सफल नहीं होगी। जनता पहले भी इस तरह की राजनीति को नकार चुकी है और आगे भी कांग्रेस को माफ करने वाली नहीं है।
