केजीबीवी त्यूनी के खेल मैदान के लिए DMF से ₹10 लाख स्वीकृत
₹6 लाख की प्रथम किस्त जारी, छात्राओं को मिलेगा सुरक्षित व समतल खेल मैदान
देहरादून, 04 जनवरी 2026
माननीय मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से जनपद देहरादून की शिक्षा व्यवस्था आधुनिकता की ओर अग्रसर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) टाइप-I, त्यूनी, विकासखण्ड चकराता में खेल मैदान के समतलीकरण हेतु जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (DMF) से कुल ₹10.00 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें से ₹6.00 लाख की प्रथम किस्त जारी कर दी गई है।





जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग स्वयं उनके स्तर से की जा रही है। खेल मैदान के समतलीकरण से विद्यालय की छात्राओं को सुरक्षित एवं उपयोगी खेल सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनके शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि केजीबीवी त्यूनी में पूर्व में निर्मित खेल मैदान बजट के अभाव में उबड़-खाबड़ हो गया था तथा वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी, जिससे छात्राओं को खेल गतिविधियों में कठिनाई होती थी। इस संबंध में जिला विकास अधिकारी द्वारा प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर खण्ड विकास अधिकारी, चकराता द्वारा ₹9.40 लाख की अनुमानित लागत का आकलन किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रस्ताव को जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शासी परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा परीक्षण उपरांत ₹10.00 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृत धनराशि में से 60 प्रतिशत यानी ₹6,00,000 प्रथम किस्त के रूप में निर्गत की गई है, जबकि शेष 40 प्रतिशत राशि उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं तृतीय पक्ष जांच आख्या प्राप्त होने के पश्चात जारी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, जनपद में प्रोजेक्ट उत्कर्ष के अंतर्गत मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सरकारी विद्यालयों को निजी विद्यालयों की भांति आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। योजना के तहत विद्यालयों में फर्नीचर, एलईडी/स्क्रीन, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पुस्तकालय एवं खेल अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय वातावरण उपलब्ध हो सके।
