DEHRADUN

डीएलएसए द्वारा ISBT कारगी चौक पर कंबल वितरण, जरूरतमंदों को मिली ठंड से राहत

देहरादून।
शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) देहरादून द्वारा मानवीय पहल के तहत जरूरतमंदों को ठंड से राहत पहुंचाने का कार्य किया गया। अध्यक्ष/जिला जज श्री प्रेम सिंह खिमाल के दिशा-निर्देशन में, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सीमा डुँगराकोटी द्वारा ISBT कारगी चौक पर गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य खुले में रह रहे, दैनिक मजदूरी करने वाले एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को ठंड से सुरक्षा प्रदान करना था। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ नजर आया।

कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य

इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने कहा कि डीएलएसए समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति असहाय न रहे, इसी उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम के दौरान डीएलएसए स्टाफ ने वितरण व्यवस्था को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील, सराहनीय और मानवता से जुड़ा प्रयास बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *