जन-जन के द्वार पहुंची सरकार: सुदूरवर्ती त्यूनी गांव में प्रशासन ने सुनीं जन समस्याएं
बहुउद्देशीय शिविर में 761 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
देहरादून, 07 जनवरी 2026
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के तहत बुधवार को चकराता विकासखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र राजकीय इंटर कॉलेज त्यूनी में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। उप जिलाधिकारी प्रेम लाल की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।



शिविर के माध्यम से प्रशासन ने न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि मौके पर ही समाधान करते हुए विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत 761 से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया।
शिकायतों का त्वरित समाधान
शिविर में ग्रामीणों द्वारा कुल 51 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने प्रमुख रूप से पेयजल, विद्युत, सिंचाई, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध खनन एवं अतिक्रमण से संबंधित समस्याएं उठाईं। विभागवार शिकायतों में राजस्व विभाग की 12, ग्राम विकास की 09, लोक निर्माण विभाग की 05, जल संस्थान की 05, वन विभाग की 04, शिक्षा विभाग की 03 सहित अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।
प्रमुख समस्याओं पर दिए गए निर्देश
ग्राम अणु निवासी गंगा राम द्वारा सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त भूमि के 20 वर्षों से लंबित प्रतिकर भुगतान का मामला उठाया गया, जिस पर लोक निर्माण विभाग को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
धामिच गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत स्वीकृत सड़क निर्माण में वन भूमि हस्तांतरण में देरी का मुद्दा उठाया, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थानीय व्यवसायियों एवं पूर्व प्रधानों ने आवारा पशुओं के लिए गौशाला निर्माण, अतिक्रमण, अवैध ईंधन बिक्री तथा कूड़ा निस्तारण जैसी समस्याएं भी प्रशासन के समक्ष रखीं।
संवेदनशील मामलों पर प्रशासन सख्त
भूठ क्षेत्र में तीन युवकों की संदिग्ध मृत्यु के मामले में ग्रामीणों द्वारा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच पुलिस को सौंप दी गई है।
वन विभाग से संबंधित भवन निर्माण अनुमति एवं अवैध कब्जे के मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों ने समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिलाया।
स्वास्थ्य और जनकल्याण सेवाओं का लाभ
बहुउद्देशीय शिविर में 428 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई।
एलोपैथिक: 216
आयुर्वेदिक: 182
होम्योपैथिक: 30
सभी लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं।
इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्र, गैस कनेक्शन केवाईसी, जन्म-मृत्यु पंजीकरण सहित कई सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराई गईं।
जनप्रतिनिधियों की रही सक्रिय भागीदारी
शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष प्रभाकर जोशी, खंड विकास अधिकारी राकेश विष्ट, एसडीओ वन विभु चौहान, रेंज अधिकारी एसपी गैरोला, नायब तहसीलदार सरदार सिंह राणा, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप इस प्रकार के शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
