BJP UTTRAKHAND

सीबीआई जांच की घोषणा के बाद सभी राजनीतिक रस्साकशियों पर लगे विराम : खजान दास

काशीपुर की घटना दुखद, दोषी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे : भाजपा

देहरादून, 11 जनवरी।
भारतीय जनता पार्टी ने पीड़ित परिवार की मंशा के अनुरूप सीबीआई जांच की घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दलों और पक्षों से अनावश्यक विवाद से बचने का आग्रह किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री, राजपुर विधायक खजान दास ने कहा कि अब इस विषय पर सभी तरह की राजनीतिक और व्यक्तिगत रस्साकशियों पर विराम लगना चाहिए।

खजान दास ने कहा कि न्यायालय के निर्णय के बाद भी यदि किसी प्रकार की आशंकाएं बनी हुई थीं, तो उनके उन्मूलन के लिए ही मामले की नए सिरे से सीबीआई जांच कराई जा रही है। ऐसे में अब इस संवेदनशील मुद्दे पर किसी भी प्रकार के विवाद, प्रदर्शन या बयानबाजी से बचना आवश्यक है।

मीडिया द्वारा अंकिता प्रकरण को लेकर बंद और अन्य कार्यक्रमों के संबंध में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच की घोषणा के बाद अब इन सब गतिविधियों पर पूर्ण विराम लग जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिए जाने के बावजूद जिस तरह वायरल ऑडियो–वीडियो को लेकर भ्रम और आशंका का माहौल बनाया गया, वह दुर्भाग्यपूर्ण था। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं पीड़ित परिवार से संवाद किया और उनकी राय के आधार पर सरकार ने सीबीआई जांच का निर्णय लिया।

खजान दास ने कहा कि जो लोग प्रदर्शन और विवाद कर रहे थे, उनकी भी यही मांग थी। अब जबकि सरकार ने वह मांग पूरी कर दी है, तो सभी को इस दुखद प्रकरण को पीछे छोड़ते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों सहित समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे पीड़ित परिवार की भावना का सम्मान करते हुए सीबीआई जांच प्रक्रिया का इंतजार करें और इस दौरान धरना-प्रदर्शन, नकारात्मक सोशल मीडिया गतिविधियों से बचें।

काशीपुर में किसान द्वारा आत्महत्या की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इसकी जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सरकार कार्य कर रही है और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को चिकित्सीय अथवा अन्य किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, तो सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए खजान दास ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है और इस पर राजनीति करना उचित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *