आरएसएस के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने कहा कि चिकित्सकों का सम्मान ही भारत का सम्मान
देहरादून, 11 जनवरी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने कहा कि चिकित्सा का सम्मान वास्तव में भारत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में प्राचीन काल में वैद्य कभी धन नहीं लेते थे, किंतु समय के साथ परिस्थितियां बदली हैं। आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर कार्य करने की अधिक आवश्यकता है।





रविवार सायं दून मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती के अवसर पर आयोजित स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए आलोक कुमार ने कहा कि चिकित्सक ही स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका सम्मान राष्ट्र का सम्मान है।
कार्यक्रम का शुभारंभ आरएसएस के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, कार्यक्रम अध्यक्ष अशोक कुमार विंदलस सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र तथा सोसाइटी की 13 वर्षों की सेवा यात्रा का प्रस्तुतीकरण किया गया। साथ ही सोसाइटी की सेवा यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक एवं वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
आलोक कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है और समाज को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि करुणा और उदारता के बिना मानव जीवन अधूरा है। उन्होंने कहा कि जिजीविषा—अर्थात संघर्ष के बीच जीवन को बनाए रखने की भावना—मानव जीवन की मूल कामना है। आज लोग वेलनेस और सौंदर्य पर अधिक खर्च कर रहे हैं, जबकि करुणा और मानवीय मूल्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा।
महाराज ने कहा कि चिकित्सक समाज में भगवान के स्वरूप हैं और अल्प समय में 15 अस्पतालों का निर्माण सेवा, समर्पण और संकल्प का उदाहरण है। उन्होंने हेल्थ मिशन सोसाइटी को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अशोक कुमार विंदलस ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में सोसाइटी के 10 कर्मठ योद्धाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्याम बागड़ी ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र, प्रचार प्रमुख संजय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
