DM DEHRADUNUttrakhand

परेड ग्राउंड क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर आरटीओ की बड़ी कार्रवाई

परेड ग्राउंड क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर आरटीओ की बड़ी कार्रवाई
05 बसें सीज, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर चालान, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पर मुकदमा

देहरादून | 17 जनवरी 2026

परेड ग्राउंड एवं उसके आसपास अव्यवस्थित यातायात और अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला द्वारा आज परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट और लैंसडाउन चौक क्षेत्र का मौके पर निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग की इंटरसेप्टर टीम और बाइक स्क्वायड मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से खड़ी 05 बसों को हटाकर रेंजर्स ग्राउंड में सीज किया गया। संबंधित वाहन स्वामियों और यूनियन प्रतिनिधियों को आरटीओ कार्यालय बुलाकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भविष्य में वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसी दौरान एक टाटा मैजिक वाहन चालक को नो-पार्किंग जोन में सवारियां भरते हुए पकड़ा गया। प्रपत्र दिखाने के लिए रोके जाने पर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, जिस पर टीम ने वाहन को सीज कर दिया। चालक को लाइसेंस सहित कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि उक्त क्षेत्र में पार्किंग की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर 08 वाहनों के चालान किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा

आरटीओ ने जानकारी दी कि आज शिमला बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने प्रवर्तन अधिकारियों से अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। इस मामले में परिवहन कर अधिकारी सुश्री अनुराधा पंत द्वारा पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। संबंधित चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *