Chardham Yatra 2026Uttrakhand

चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर गढ़वाल आयुक्त की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर गढ़वाल आयुक्त की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
यात्रा होगी और अधिक सुरक्षित, सुगम व सुविधाजनक
मंदिर परिसरों में मोबाइल और कैमरे पर पूर्ण प्रतिबंध

देहरादून | 17 जनवरी 2026

चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय ने ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक मा0 मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में आयोजित की गई, जिसमें संबंधित जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने यात्रा मार्गों की सड़कों को दुरुस्त रखने, पार्किंग क्षमता बढ़ाने, पैदल मार्गों के सुधारीकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने तथा हेली सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

चारधाम यात्रा 2026 की इस प्रथम समीक्षा बैठक में पिछले वर्ष की यात्रा के दौरान सामने आई समस्याओं एवं अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की गई। श्री केदारनाथ, श्री बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री एवं श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा को और अधिक सुव्यवस्थित व सुचारू बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। आयुक्त ने बताया कि गत वर्ष चारधाम यात्रा में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की थी और इस वर्ष यात्रा को और बेहतर बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।

07 दिन में टेंडर, फास्ट ट्रैक पर कार्य शुरू

गढ़वाल आयुक्त ने चारधाम से जुड़े सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अत्यावश्यक कार्यों की स्क्रूटनी कर एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए तथा फास्ट ट्रैक मोड में कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलों की मांग के अनुरूप शीघ्र बजट उपलब्ध कराया जाएगा।

यात्रा मार्गों से मलवा हटाने के निर्देश

पिछले यात्रा सीजन में भारी वर्षा से प्रभावित सड़कों का उल्लेख करते हुए आयुक्त ने एनएच, लोक निर्माण विभाग एवं बीआरओ को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर जमा मलवे का एक माह के भीतर प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए, जिससे यातायात सुचारू बना रहे।

मंदिर परिसरों में मोबाइल और कैमरा पूर्णतः प्रतिबंधित

गढ़वाल आयुक्त ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा एक पवित्र धार्मिक यात्रा है और पिछले सीजन में मोबाइल व कैमरे के कारण दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसे देखते हुए चारों धामों के मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन और कैमरे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बीकेटीसी को श्रद्धालुओं के मोबाइल व कैमरे सुरक्षित रखने के लिए पृथक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अप्रैल से यात्रा प्रारंभ होने की संभावना

आयुक्त ने बताया कि यद्यपि कपाट खुलने की तिथियां अभी घोषित नहीं हुई हैं, लेकिन यात्रा अप्रैल माह से प्रारंभ होने की संभावना है। ऐसे में सभी विभागों को तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यात्रा शुरू होने से पूर्व पेयजल, चिकित्सा, परिवहन, खाद्यान्न, पुलिस, सफाई, विद्युत, दूरसंचार, हेली सेवा एवं आपदा नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही होटल, जीएमवीएन गेस्ट हाउस, होल्डिंग प्वाइंट एवं पार्किंग स्थलों की क्षमता विकसित करने तथा स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने को कहा।

बैठक में हरिद्वार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जनपदों की यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अपर आयुक्त, एमडी जीएमवीएन सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *