Uttrakhand

कृषि मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों पर कृषि सहायकों के मानदेय में बढ़ोतरी

देहरादून, 19 जनवरी। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के बाद न्याय पंचायतों में तैनात कृषि सहायकों के मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। कृषि सहायकों का मानदेय ₹8300 से बढ़ाकर ₹12391 कर दिया गया है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

कृषि सहायक लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उनकी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सचिव कृषि को आवश्यक निर्देश दिए थे, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कृषि सहायक राज्य में किसानों तक सरकारी योजनाओं, नवीन तकनीकों और कृषि संबंधी जानकारियों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका मनोबल बढ़ाना और उन्हें उचित पारिश्रमिक देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि मानदेय में हुई इस वृद्धि से कृषि सहायकों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे पहले से अधिक उत्साह और समर्पण के साथ किसानों की सेवा कर सकेंगे। मानदेय बढ़ोतरी के इस निर्णय पर प्रदेशभर के कृषि सहायकों ने राज्य सरकार एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *