Ranikhet

रानीखेत में करन माहरा का जनसम्पर्क, संगठन सशक्तिकरण और जनहित मुद्दों पर जोर

रानीखेत/अल्मोड़ा।
उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य श्री करन माहरा ने आज अपनी विधानसभा रानीखेत के डौड़ाखाल एवं ग्राम देवलीखेत क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक एवं जनसम्पर्क कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत करने, आम जनता से सीधा संवाद बढ़ाने तथा जमीनी मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जनसम्पर्क कार्यक्रम के दौरान श्री करन माहरा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी रोज़मर्रा की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख चिंताओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर अपने सुझाव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री माहरा ने कहा कि कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांग्रेस जनता के हक़, सम्मान और न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ यह संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का शासन पूरी तरह जनविरोधी साबित हो चुका है। भाजपा के राज में देवभूमि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में अराजकता, अपराध और भय का माहौल पैदा हो गया है।

श्री माहरा ने कहा कि अंकिता भंडारी को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है, जो भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता और विफल कानून-व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है। भाजपा से जुड़े लोग लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जा रहे हैं। कहीं भाजपा के पार्षद द्वारा एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है, तो कहीं भाजपा युवा मोर्चा के नेता की भूमिका के कारण एक नौजवान आत्महत्या करने को मजबूर हो जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह अत्यंत शर्मनाक और चिंताजनक है कि भाजपा के कई मंडल अध्यक्ष बलात्कार जैसे गंभीर आरोपों में जमानत पर बाहर हैं, लेकिन सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है।

प्रदेश की भर्ती परीक्षाओं पर बोलते हुए श्री माहरा ने कहा कि परीक्षाओं की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। परीक्षा आयोजित होने से पहले ही पेपर लीक हो जाना आम बात बन गई है, जिससे मेहनती और ईमानदार युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने युवाओं के सपनों और भरोसे दोनों को तोड़ने का काम किया है।

कार्यक्रम के अंत में श्री करन माहरा ने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और सहयोग ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। जनहित से जुड़े हर मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस की लड़ाई जनता के हक़, सम्मान और न्याय के लिए निरंतर चलती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *