BJP UTTRAKHAND

नितिन नबीन के भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, देहरादून में मना जश्न

नितिन नबीन के भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, देहरादून में मना जश्न

देहरादून।
भारतीय जनता पार्टी के नितिन नबीन के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर राजधानी देहरादून में भाजपा परिवार ने खुशी का इज़हार करते हुए एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर बधाई दी।

राजधानी के बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन पर हर्ष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पक्ष में नारे लगाते हुए भाजपा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का विश्वास जताया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं के नाम जारी अपने संदेश में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि श्री नबीन का नेतृत्व कार्यकर्ताओं में युवा जोश का संचार करेगा और चुनावी जीत की नई इबारत लिखेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि जीत का यह सिलसिला वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी विजयी हैट्रिक के रूप में कायम रहेगा।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह भाजपा में ही संभव है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ और संगठनात्मक नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी के शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। नितिन नबीन का राजनीतिक अनुभव और सांगठनिक कौशल करोड़ों कार्यकर्ताओं और वैचारिक समर्थकों में नया उत्साह भरने का काम करेगा।
उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि अपराजित भाजपा का अश्वमेघ यज्ञ पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु में भी सफलता की नई कहानी लिखेगा।

वहीं पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार ने कहा कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के साथ पार्टी का संगठनात्मक महापर्व अपनी पूर्णता को प्राप्त कर चुका है।
उन्होंने कहा कि 45 वर्ष की भाजपा को अपने हमउम्र युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छूने का अवसर मिलेगा। एक सामान्य कार्यकर्ता से संगठन के शीर्ष तक पहुंचने की नितिन नबीन की यात्रा प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।

प्रदेश महामंत्री ने आगे कहा कि नितिन नबीन का सांगठनिक कौशल और युवा जोश पार्टी को निरंतर सफलता के शिखर पर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा शेष राजनीतिक लक्ष्यों की प्राप्ति को भी सशक्त करेगा।

इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के साथ प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, सरकार में दायित्वधारी मुकेश कुमार, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, बलजीत सोनी, डॉ. दिव्या नेगी, शकुंतला, चंडी प्रसाद बेलवाल, हरीश चमोली, अनूप रावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *