CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

घर का भेदी निकला लूट का मास्टरमाइंड, दून पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

घर का भेदी निकला लूट का मास्टरमाइंड, दून पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

देहरादून।
राजपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना का मुख्य साजिशकर्ता पीड़िता के पुत्र का पूर्व ड्राइवर निकला।

18 जनवरी 2026 को राजपुर रोड स्थित सांकिया हॉस्पिटल के पास श्री भुवन गांधी के आवास पर अज्ञात बदमाशों ने उनकी बुजुर्ग माता को डराकर घर से ज्वैलरी और नगदी लूट ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया।

सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 जनवरी को किरसाली चौक–मालदेवता रोड के बीच से तीन अभियुक्तों शफात अली, नदीम उर्फ गुड्डू और इश्तियाक उर्फ कुले को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लगभग 08 लाख रुपये की ज्वैलरी, 1.54 लाख रुपये नगद, पीड़िता का आईफोन और घटना में प्रयुक्त वैगन-आर कार बरामद की गई।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि शफात अली पहले पीड़ित परिवार के यहां ड्राइवर था और घर की पूरी जानकारी होने के कारण उसने रिश्तेदारों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। घटना के समय बुजुर्ग महिला घर में अकेली थीं।

दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी रणनीति से घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया गया, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *