Uncategorized

सड़क सुरक्षा माह के तहत दून पुलिस ने चलाई जागरूकता की पाठशाला

सड़क सुरक्षा माह के तहत दून पुलिस ने चलाई जागरूकता की पाठशाला

देहरादून | 21 जनवरी 2026

सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दून पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आमजन एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को यातायात पुलिस द्वारा मार्शल स्कूल (सीनियर विंग), देहरादून में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को यातायात संकेतों की जानकारी दी गई तथा वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट के महत्व, ओवरस्पीडिंग व रैश ड्राइविंग के खतरों और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया।

यातायात पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिजनों एवं आसपास के लोगों को भी नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आने तथा घायलों की मदद करने वालों को सम्मानित करने हेतु सरकार द्वारा संचालित गुड सेमेरिटन स्कीम के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।

यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से घंटाघर से मसूरी डायवर्जन तक प्रमुख मार्गों पर यातायात नियमों से संबंधित जागरूकता साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं।

दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की उपस्थित आमजनमानस एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने सराहना की और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस के प्रयासों में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *