मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला चिकित्सालय देहरादून की ली समीक्षा बैठक
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला चिकित्सालय देहरादून की ली समीक्षा बैठक
देहरादून | 21 जनवरी 2026
माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के दिशा-निर्देशों के क्रम में बुधवार को जिला चिकित्सालय देहरादून में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने की।
समीक्षा बैठक में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र त्यागी, वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सक, सभी विभागों के इंचार्ज, नर्सिंग इंचार्ज, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने निर्देश दिए कि चिकित्सालय में 24 घंटे ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर, प्रतीक्षा स्थलों एवं वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने पर जोर दिया।
शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए वार्डों में हीटर एवं गर्म पानी की व्यवस्था, स्वच्छ बेडशीट व कंबलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आपातकालीन सेवाओं सहित ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
