नाबालिग बेटे से कराई जा रही थी हेरोइन तस्करी, STF ने 33 लाख की स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर दंपति पर कसा शिकंजा
ड्रग तस्करों की नई मोडस ऑपरेंडी का खुलासा — माता-पिता ने बेटे को बनाया तस्करी का जरिया, नए BNS कानून का सख्त इस्तेमाल

देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड में ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नार्कोटिक्स यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी के एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया है। थाना गदरपुर क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर दंपति अपने ही नाबालिग बेटे के जरिए नशे की तस्करी करवा रहा था। STF ने संयुक्त कार्रवाई में 112.3 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 33 लाख रुपये बताई जा रही है।
STF कुमाऊं यूनिट, रुद्रपुर ने थाना गदरपुर पुलिस के साथ मिलकर यह ऑपरेशन अंजाम दिया। पकड़े गए विधि विवादित किशोर ने पूछताछ में बताया कि उसे यह स्मैक उसके पिता शाकिर अली उर्फ नकटा और मां शाईन ने दी थी और एक व्यक्ति को पुलिया के पास सौंपने को कहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शाकिर अली क्षेत्र का कुख्यात ड्रग तस्कर है, जिस पर 9 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसकी पत्नी शाईन पर 6 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों मिलाकर दंपति पर कुल 15 आपराधिक मुकदमे हैं। तस्करी के लिए बच्चे को भेजने हेतु माता-पिता ने अपनी TVS NTORQ स्कूटी (UK 06 BF 2291) भी उपलब्ध कराई थी।
बरामदगी
112.3 ग्राम अवैध हेरोइन
TVS NTORQ स्कूटी
इस मामले में STF ने NDPS Act की धारा 8/21/60 के साथ धारा 95 BNS (बच्चे का अपराध में उपयोग) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। माना जा रहा है कि उत्तराखंड में ड्रग तस्करी के मामलों में इस प्रावधान का यह शुरुआती सख्त इस्तेमाल है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर के निर्देश पर चल रही इस कार्रवाई में CO परवेज अली के निर्देशन और निरीक्षक पावन स्वरूप के नेतृत्व में टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। नाबालिग को संरक्षण में लेकर वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
