DEHRADUNDM DEHRADUN

सीएम हेल्पलाइन बनी बुज़ुर्गों का सहारा, वृद्धावस्था पेंशन पर जिला प्रशासन का त्वरित एक्शन

ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचा प्रशासन, समाज कल्याण अधिकारी ने स्वयं दस्तावेज तैयार कर दिलाई पेंशन
पेंशन स्वीकृत होते ही छलकी खुशी, महिला ने मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन का जताया आभार

देहरादून, 27 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एक बार फिर आमजन, विशेषकर बुज़ुर्गों और जरूरतमंदों के लिए भरोसेमंद एवं संवेदनशील मंच के रूप में सामने आई है। देहरादून जनपद के देहरा खास, पटेल नगर निवासी वरिष्ठ नागरिक आर्य सुमन द्वारा अपनी धर्मपत्नी उर्मिला सुमन को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ न मिलने को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर जिला प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और शिकायत का शीघ्र निस्तारण किया।

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्वयं वृद्ध महिला के आवास पर पहुंचकर सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार किए और उर्मिला सुमन की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कराई।

श्रीमती उर्मिला सुमन ने भावुक होते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके पति द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद प्रशासन की तत्परता से अधिकारी उनके घर पहुंचे। अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ “अपणी सरकार” पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण पत्र भी घर पर ही बनवाया और सभी औपचारिकताएं पूर्ण कीं।

उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज होने के मात्र चार दिनों के भीतर ही जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा उन्हें सूचना दी गई कि उनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हो गई है, जो शीघ्र ही मिलनी शुरू हो जाएगी। इस सहायता से प्रसन्न उर्मिला सुमन एवं उनके पति आर्य सुमन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

वार्ड-72 देहरा खास के पार्षद आलोक कुमार ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा घर जाकर दस्तावेज तैयार किए गए, जिसके परिणामस्वरूप वृद्ध महिला को पेंशन का लाभ मिल सका। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी एवं विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना की।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक दस्तावेज एवं मासिक आय प्रमाण पत्र तैयार कराते हुए उर्मिला सुमन की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *