DEHRADUNUttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

पूर्व विधायक बलबीर सिंह नेगी को श्रद्धांजलि, सूर्यकांत धस्माना पहुंचे बद्रीपुर आवास

देहरादून।
एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा टिहरी व घनसाली के पूर्व विधायक रहे दिवंगत बलबीर सिंह नेगी के बद्रीपुर स्थित आवास पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

श्री धस्माना ने शोकाकुल परिजनों—धर्मपत्नी श्रीमती शकुंतला नेगी, पुत्र भानू प्रताप नेगी एवं अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर कांग्रेस सेवा दल की ओर से दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर तिरंगा ध्वज अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई, जबकि उत्तराखंड सरकार की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया तथा पुष्पचक्र चढ़ाया गया।

कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी दिवंगत बलबीर सिंह नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इनमें पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, सुनारी लाल उनियाल, अखिलेश उनियाल, भागवत सिंह बिष्ट, जितेंद्र बिष्ट, सूरत सिंह नेगी, हेमा पुरोहित, गोपाल गड़िया, सोबन सिंह नेगी एवं रवि वालिया सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अपने शोक संदेश में सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि स्वर्गीय बलबीर सिंह नेगी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा तथा उत्तराखंड विधानसभा—दोनों ही सदनों में रहते हुए टिहरी जनपद के जनसरोकारों की मजबूती से पैरवी की। वे एक जमीन से जुड़े, सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले नेता थे और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों में उनकी गहरी आस्था थी। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और उत्तराखंड ने एक सच्चा, ईमानदार और कर्मठ जनसेवक खो दिया है।

दिवंगत बलबीर सिंह नेगी के पार्थिव शरीर को बाद में हरिद्वार खड़खड़ी ले जाया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र भानू प्रताप सिंह नेगी ने उन्हें मुखाग्नि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *