महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन, 5 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
बारामती / देहरादून | बुधवार
महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह एक भीषण विमान दुर्घटना में निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। यह हादसा सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हुआ। दुर्घटना में विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई।


मृतकों में अजित पवार के अलावा उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर शामिल हैं। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

दूसरी लैंडिंग कोशिश में हुआ हादसा
सूत्रों के अनुसार, विमान पहली बार लैंडिंग के दौरान रनवे स्पष्ट न दिखने के कारण दोबारा ऊँचाई पर गया। उस समय विजिबिलिटी करीब 2000 मीटर थी।
इसके बाद रनवे-11 पर दूसरी लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। पायलट की ओर से कोई इमरजेंसी या ‘मेडे कॉल’ भी नहीं दी गई थी।
चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे अजित पवार
अजित पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के सिलसिले में बारामती में एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे। हादसे की खबर से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यक्त किया शोक
इस दुखद घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अजित पवार ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए सदैव करुणा, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि इस हादसे में दिवंगत सभी पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, सहयोगियों और समर्थकों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति दें।
उत्तराखंड कैबिनेट ने रखा दो मिनट का मौन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में भी विमान दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
फिलहाल, एविएशन विभाग और अन्य जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।
