नदी में डूब रहे व्यक्ति के लिए देवदूत बनी पुलिस गंगा के तेज बहाव से युवक को सकुशल निकाला, मौके पर CPR देकर बचाई जान
नदी में डूब रहे व्यक्ति के लिए देवदूत बनी पुलिस
गंगा के तेज बहाव से युवक को सकुशल निकाला, मौके पर CPR देकर बचाई जान
देहरादून, 03 फरवरी 2026
ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट पर आज पुलिस की तत्परता और साहसिक प्रयास से एक व्यक्ति की जान बचाई गई। गंगा जी के तेज बहाव में बह रहे युवक को पुलिस और आपदा राहत दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाला।

स्नान के दौरान बहने लगा युवक
आज 03 फरवरी 2026 को त्रिवेणी घाट पर स्नान करते समय प्रांजल (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी भनियावाला, देहरादून गंगा के तेज बहाव में बहकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत दल का संयुक्त रेस्क्यू
सूचना मिलते ही त्रिवेणी घाट चौकी, जल पुलिस और आपदा राहत दल के जवान आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आपसी समन्वय और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को 72 सीढ़ी के पास तेज धारा से बाहर निकाला।
CPR देकर वापस लाई गई सांसें
गंगा के बहाव में दूर तक बह जाने के कारण युवक की सांस और धड़कन बेहद धीमी हो गई थी। एम्बुलेंस के पहुंचने तक बचाव दल ने मौके पर ही CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देकर अथक प्रयास किए, जिससे युवक को होश में लाया गया। बाद में उसे एम्बुलेंस से एम्स चिकित्सालय भेजा गया।
मौजूद लोगों ने की पुलिस की सराहना
पुलिस की त्वरित और साहसिक कार्रवाई से युवक की जान बचने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत दल और पुलिस कर्मियों की जमकर प्रशंसा की।
बचाव दल
का० हरीश कुमार – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार
का० संतराम – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार
का० अनिल कुमार – आपदा राहत दल, 40 बटालियन हरिद्वार
गोताखोर विनोद सेमवाल – जल पुलिस
का० भुवन चन्द्र – चौकी त्रिवेणी घाट
