सीएमओ देहरादून का औचक निरीक्षण डोईवाला में 50 बेड अस्पताल भवन का निर्माण जल्द शुरू होगा
देहरादून से बड़ी खबर है, जहां स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है।
माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशों के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला का औचक निरीक्षण किया।




निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पतालों में चिकित्सकों और स्टाफ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों और तीमारदारों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल परिसर, प्रतीक्षा स्थल और वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सीएमओ ने यह भी निर्देशित किया कि वार्डों में हीटर, गर्म पानी, स्वच्छ बेडशीट और कंबलों की समुचित व्यवस्था रहे। मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और आईपीडी सेवाओं का भी जायजा लिया।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि सीएमओ ने सीएचसी डोईवाला में प्रस्तावित 50 शैय्यायुक्त चिकित्सालय भवन के निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक की। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इसके बाद सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा पीएचसी छिद्दरवाला पहुंचे, जहां उन्होंने टाइप–ए के नवीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाई गईं, जिनको लेकर संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधार कर भवन हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी डोईवाला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.एस. भंडारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश गुंज्याल, विभागीय जेई प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सा स्टाफ मौजूद रहे।
