रामपुर-भाऊवाला में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, 567 लोगों को योजनाओं का लाभ; 110 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर समाधान
80% अनुदान पर 4 लाख के कृषि यंत्र वितरित | 274 स्वास्थ्य जांच, 13 पेंशन स्वीकृत | 5 आधार अपडेट, 2 आयुष्मान कार्ड जारी
देहरादून, 20 फरवरी 2026
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सहसपुर विकासखंड की न्याय पंचायत रामपुर, भाऊवाला में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से 567 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया तथा 110 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।







कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, दर्जाधारी राज्यमंत्री भूवन विक्रम डबराल, ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत, अपर सचिव रूचि मोहन रयाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कृषि क्षेत्र में बड़ा लाभ
कृषि विभाग द्वारा 80 प्रतिशत अनुदान पर ‘स्वर्णा जैविक बासमती उत्पादक संगठन’ को 4 लाख रुपये की धनराशि से 02 पावर वीडर, 02 आटा चक्की, 03 चेक कटर, 05 स्प्रे मशीन एवं 01 ब्रश कटर सहित विभिन्न कृषि यंत्र वितरित किए गए।
बाल विकास विभाग ने 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा 10 लाभार्थियों को किशोरी किट प्रदान की।
शिविर में त्वरित सेवाएं
05 आधार कार्ड अपडेट
02 आयुष्मान कार्ड मौके पर जारी
13 पात्र व्यक्तियों की पेंशन स्वीकृत
35 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी
स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक लाभ
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 274 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें—
94 एलोपैथिक
74 होम्योपैथिक
106 आयुर्वेदिक पद्धति से जांच
सभी को निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं।
शिकायतों पर सख्त रुख
ग्रामीणों द्वारा अवैध अतिक्रमण, भूमि सीमांकन, खनन, सड़क, सिंचाई, विद्युत एवं पेयजल से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गईं। ग्राम बड़ोवाला में लगभग 300 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की शिकायत, राजावाला में क्रेशर वाहनों से सड़क क्षति तथा दुधई में जर्जर विद्युत पोलों के संबंध में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक का बयान
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास’ के संकल्प के साथ जनहित में निरंतर कार्य कर रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
