CRIME NEWSSSP DehradunUttrakhand

दून पुलिस की ईमानदारी: 7 लाख रुपये का खोया रानीहार असली मालिक को लौटाया

रानीपोखरी/देहरादून, 20 फरवरी 2026।
उत्तराखण्ड पुलिस की तत्परता और ईमानदारी का एक सराहनीय उदाहरण थाना रानीपोखरी क्षेत्र में देखने को मिला, जहां लगभग 7 लाख रुपये मूल्य का सोने का रानीहार उसके वास्तविक स्वामी को सकुशल लौटाकर दून पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।

थाना रानीपोखरी क्षेत्र में स्थित बालिका इंटर कॉलेज के गेट से कुछ दूरी पर कुछ स्कूली बच्चों को एक पीली धातु का रानीहार लावारिस अवस्था में पड़ा मिला। जिज्ञासावश बच्चे उक्त हार को स्थानीय ज्वैलर के पास ले गए। जांच के दौरान ज्वैलर ने हार के सोने का होने की पुष्टि की और तत्काल इसकी सूचना रानीपोखरी पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद आसपास के क्षेत्र एवं आवागमन मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही मुखबिर तंत्र, सोशल मीडिया और रेडियो संदेशों के माध्यम से भी हार के वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की गई।

पुलिस के त्वरित एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप हार की स्वामिनी सीमा डोभाल पत्नी अभिषेक डोभाल, निवासी रानीपोखरी से संपर्क स्थापित किया गया। आवश्यक पूछताछ एवं साक्ष्यों के सत्यापन के उपरांत हार का स्वामित्व सुनिश्चित करते हुए उसे विधिवत उनके सुपुर्द कर दिया गया।

हार वापस मिलने पर स्वामिनी ने बताया कि उन्होंने हार मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। सकुशल आभूषण प्राप्त कर उन्होंने पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि दून पुलिस जनसेवा और विश्वास की कसौटी पर खरी उतर रही है।