CM UTTRAKHANDDEHRADUNHealthUttrakhand

होली पर दून अस्पताल अलर्ट: डॉक्टरों और स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी रंगों के त्योहार पर आपात स्थिति से निपटने को 24 घंटे निगरानी

होली पर दून अस्पताल अलर्ट: डॉक्टरों और स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी
रंगों के त्योहार पर आपात स्थिति से निपटने को 24 घंटे निगरानी

देहरादून। राजधानी में होली के मद्देनज़र राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने विशेष मेडिकल एडवाइजरी जारी कर अलर्ट मोड में काम शुरू कर दिया है। होलिका दहन और बड़ी होली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, होली के दौरान केमिकल युक्त रंगों से त्वचा एलर्जी, आंखों में जलन या केमिकल जाने, कान-नाक-गले (ईएनटी) संबंधी समस्याएं, हुड़दंग के कारण चोट लगना और हड्डी टूटने के मामले बढ़ जाते हैं। इन संभावित जोखिमों को देखते हुए अस्पताल में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

फूड प्वाइजनिंग और पेट संबंधी शिकायतों को लेकर भी इमरजेंसी विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। अस्पताल की 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं पूर्व की भांति संचालित रहेंगी, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने आमजन से अपील की है कि होली खेलते समय सावधानी बरतें और रासायनिक रंगों के प्रयोग से बचें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न होती है तो तुरंत अस्पताल पहुंचकर उपचार लें।

उन्होंने बताया कि फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक और ईएनटी विशेषज्ञों को छोटी और बड़ी होली के दौरान विशेष रूप से अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल टीम की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, ताकि त्योहार के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।