CM UTTRAKHANDUttrakhand

उत्तराखंड पुलिस का सख्त रुख: किरायेदार सत्यापन नहीं तो होगी कानूनी कार्रवाई

उत्तराखंड पुलिस का सख्त रुख: किरायेदार सत्यापन नहीं तो होगी कानूनी कार्रवाई

देहरादून, 27 फरवरी 2026।
मीडिया सेल देहरादून द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्तमान अभियानों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विशेष रूप से ऑपरेशन क्रैकडाउन और ऑपरेशन स्माइल के तहत की जा रही कार्यवाहियों की गहन समीक्षा की गई।


किरायेदार सत्यापन को लेकर सख्त निर्देश

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सोसाइटियों और पॉश कॉलोनियों में भी व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जाए। विशेष रूप से ऐसे अपार्टमेंट/मकान मालिकों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए जो स्वयं बाहर रहकर अपने मकान बाहरी व्यक्तियों को किराये पर देते हैं और उनका पुलिस सत्यापन नहीं कराते।

अपर पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी किरायेदार की आपराधिक पृष्ठभूमि पाई जाती है और मकान मालिक द्वारा उसका सत्यापन नहीं कराया गया है, तो संबंधित मकान मालिक के विरुद्ध भी आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

12 दिनों में 1600 से अधिक पर निरोधात्मक कार्रवाई

ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत पिछले 12 दिनों में दून पुलिस द्वारा 1600 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

इसके अतिरिक्त, किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 800 से अधिक मकान मालिकों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।

अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर सघन जांच के निर्देश

जनपद के सभी अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा बाहरी व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

ऑपरेशन स्माइल और लावारिस शवों की शिनाख्त की समीक्षा

ऑपरेशन स्माइल के अंतर्गत गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की बरामदगी के प्रयासों की समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को सर्विलांस और मैन्युअल प्रयासों के माध्यम से गुमशुदाओं की तलाश तेज करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही लावारिस शवों की शिनाख्त के लिए निर्धारित एसओपी के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।