देहरादून में सघन एनीमिया रोकथाम एवं पोषण सुदृढ़ीकरण अभियान शुरू
देहरादून में सघन एनीमिया रोकथाम एवं पोषण सुदृढ़ीकरण अभियान शुरू
7 मार्च से 7 अप्रैल तक चलेगा अभियान, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों को निःशुल्क आयरन फोलिक एसिड की खुराक दी जाएगी
देहरादून:
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद देहरादून में सघन एनीमिया रोकथाम एवं पोषण सुदृढ़ीकरण अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 7 मार्च से 7 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत जनपद में चिन्हित रक्त अल्पता (एनीमिया) से ग्रसित मरीजों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा 6 से 59 माह तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) की टेबलेट और सिरप निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। गंभीर एनीमिया से पीड़ित मरीजों को आवश्यकतानुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में निःशुल्क उपचार के लिए रेफर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में रक्ताल्पता से प्रभावित महिलाओं और बच्चों की पहचान करेंगे। वहीं आशा और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां समुदाय स्तर पर लोगों को जागरूक करने का कार्य करेंगी। बैठकों और शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को अभियान की जानकारी दी जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य रक्ताल्पता से पीड़ित महिलाओं और बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराना है। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को उच्च चिकित्सा इकाइयों में निःशुल्क उपचार के लिए भेजा जाएगा।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम) डॉ. बिमलेश जोशी ने जानकारी दी कि जनपद में 1,85,024 से अधिक बच्चों को आईएफए सिरप देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 29,532 गर्भवती महिलाओं और 17,719 स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी आयरन फोलिक एसिड की खुराक दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर आईएफए की गोलियां और सिरप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दिए गए हैं।
