अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रेमनगर में महिला सम्मान व विचार गोष्ठी आयोजित
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रेमनगर में महिला सम्मान व विचार गोष्ठी आयोजित
उत्तराखंड के विकास की धुरी हैं महिलाएं: सूर्यकांत धस्माना
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रेमनगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से महिला सम्मान कार्यक्रम एवं “उत्तराखंड में मातृशक्ति की भूमिका” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों के विकास की कल्पना महिलाओं के योगदान के बिना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पहाड़ के अस्तित्व और विकास की असली धुरी महिलाएं ही हैं। उन्होंने कहा कि जब हम उत्तराखंड के विकास में मातृशक्ति की भूमिका देखते हैं तो पहाड़ के सीढ़ीनुमा खेत, जंगल, घर-परिवार और आजीविका से जुड़े हर काम में महिलाओं की अहम भागीदारी दिखाई देती है।
धस्माना ने कहा कि पहाड़ की महिलाएं घास और लकड़ी काटने से लेकर दूर-दराज से पानी लाने, खेतों में बुवाई, जुताई और कटाई करने, पशुओं की देखभाल करने तथा जंगली जानवरों से संघर्ष तक की जिम्मेदारी निभाती हैं। उनका जीवन पहाड़ की तरह ही कठिन और जटिल है, इसलिए राज्य में महिलाओं को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई जानी चाहिए और महिला सशक्तिकरण के लिए दीर्घकालीन नीति तैयार की जानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि किसी भी समाज के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्तर का आकलन वहां की महिलाओं की स्थिति से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में मातृशक्ति का बड़ा संघर्ष और बलिदान रहा है। यही कारण है कि यहां की माताएं ऐसे बच्चों को जन्म देती हैं जो देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने को भी तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में उत्तराखंड के युवाओं की बड़ी भागीदारी है और देश के लिए शहीद होने वालों में भी उत्तराखंड के जवानों की संख्या उल्लेखनीय है।
विचार गोष्ठी में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष सुमित खन्ना, प्रेमनगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहित ग्रोवर और सायरा बानो ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की महामंत्री सुशीला बेलवाल शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने उपस्थित महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया।
