DEHRADUNSSP DehradunUttrakhand

नन्ही मुस्कान और खाकी का सम्मान: एसएसपी देहरादून से मिलने पहुँची नन्ही प्रशंसक

नन्ही मुस्कान और खाकी का सम्मान: एसएसपी देहरादून से मिलने पहुँची नन्ही प्रशंसक

देहरादून | भारत केसरी

देहरादून पुलिस कार्यालय में उस समय भावुक और प्रेरणादायक माहौल बन गया, जब एक नन्ही बच्ची अपने छोटे-छोटे हाथों में रंग-बिरंगे फूलों का गुलदस्ता लेकर एसएसपी देहरादून से मिलने पहुँची। फरियादियों की भीड़ के बीच पहुँची इस मासूम मेहमान ने अपनी प्यारी मुस्कान के साथ दून पुलिस कप्तान को फूल भेंट कर पुलिस की सुरक्षा सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

एसएसपी कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान जब बच्ची से इतनी छोटी उम्र में “कप्तान अंकल” से मिलने का कारण पूछा गया, तो उसने मासूमियत भरे शब्दों में कहा कि “चाहे दिन हो या रात, पुलिस वाले अंकल हमेशा सड़क पर खड़े होकर हमारी रक्षा करते हैं।”

बच्ची की बातों में पुलिस के प्रति डर नहीं, बल्कि सम्मान और आकर्षण साफ दिखाई दे रहा था। उसकी मासूम मुस्कान और भरोसे को देखकर एसएसपी देहरादून ने भी स्नेहपूर्वक उसके सिर पर हाथ रखकर उसे जीवन में आगे बढ़ने और खूब तरक्की करने का आशीर्वाद दिया।

यह छोटी सी मुलाकात केवल औपचारिकता नहीं थी, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान का एक खूबसूरत प्रतीक बनकर सामने आई। नन्ही बच्ची की यह पहल यह संदेश भी देती है कि सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों के प्रति समाज के मन में आभार और विश्वास की भावना मौजूद है।