ऋषिकेश में वाहन चोरी का खुलासा, दून पुलिस ने आरोपी को चोरी की मैक्स वाहन के साथ किया गिरफ्तार
ऋषिकेश में वाहन चोरी का खुलासा, दून पुलिस ने आरोपी को चोरी की मैक्स वाहन के साथ किया गिरफ्तार
देहरादून/ऋषिकेश, 16 मार्च 2026।
ऋषिकेश क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई महिंद्रा मैक्स वाहन भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2026 को वादी नरेंद्र सिंह नेगी निवासी ऋषिकेश ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी महिंद्रा मैक्स वाहन संख्या यूके-07-टीसी-1050 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 99/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार सुरागरसी और पतारसी की गई।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चिड़ियापुर से आगे हरिद्वार की ओर सड़क किनारे से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सागर थापा पुत्र राजू थापा निवासी नवोदय नगर, गली नंबर-5, पुलिस लाइन के पीछे रोशनाबाद थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी की गई मैक्स महिंद्रा वाहन बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी चोरी की गई वाहन को बेचने के लिए बिजनौर (उत्तर प्रदेश) ले जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कैलाशचंद्र भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पंवार, उपनिरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल विनीत कुमार, मनोज नेगी और सुनील कुमार शामिल रहे।
