Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

उत्तराखंड दौरे पर आएंगी कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा, 8 अप्रैल से 5 दिन तक कार्यकर्ता बैठकों का सिलसिला

रुद्रपुर से शुरू होगा दौरा, हल्द्वानी, कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में होंगी अहम बैठकें

भारत केसरी

देहरादून: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा 8 अप्रैल 2026 से राज्य के पांच दिवसीय दौरे पर पहुंच रही हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कुमारी सैलजा 8 अप्रैल को दोपहर 1 बजे रुद्रपुर पहुंचेंगी, जहां वह वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगी। इसके बाद उधमसिंहनगर और काशीपुर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी।

9 अप्रैल को हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में नैनीताल जिले के कार्यकर्ताओं से संवाद करने के बाद वह कोटद्वार जाएंगी, जहां शाम को कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी।

10 अप्रैल को कोटद्वार में बैठक के बाद हरिद्वार पहुंचकर जयराम आश्रम में हरिद्वार, रुड़की और ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी और शाम को गंगा आरती में शामिल होंगी।

11 अप्रैल को मसूरी में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद देहरादून में महानगर, पछुवादून और परवादून के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और पूर्व सैनिक विभाग के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगी।

12 अप्रैल को देहरादून में एनएसयूआई द्वारा आयोजित “जय भीम-जय हिंद” कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कुमारी सैलजा का यह दौरा पार्टी संगठन को मजबूती देगा और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी को बल मिलेगा।