CM UTTRAKHANDRojgar MelaUttrakhand

देहरादून पॉलीटेक्निक में रोजगार मेला, 81 कंपनियों की भागीदारी, 1285 युवाओं ने दिए इंटरव्यू

देहरादून पॉलीटेक्निक में रोजगार मेला, 81 कंपनियों की भागीदारी, 1285 युवाओं ने दिए इंटरव्यू

तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा, युवाओं को नई तकनीकों से जुड़ने की सलाह

देहरादून | 02 अप्रैल 2026

उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वाधान में गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला (देहरादून) में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में 81 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हुए।

मेले में करीब 1600 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि अध्यक्षता धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने की। वहीं प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी युग का है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में युवाओं को खुद को लगातार अपडेट करना आवश्यक है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा पॉलीटेक्निक संस्थानों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के प्रयासों की सराहना की।

विधायक विनोद चमोली ने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास कर रही है।

तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला था, जबकि इस बार विभाग का लक्ष्य शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है।

इस मौके पर विभिन्न विभागीय अधिकारी, पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य, औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।