DEHRADUNDM DEHRADUN

देहरादून में बढ़ते अपराध पर डीएम सख्त, होमस्टे-होटल्स का होगा व्यापक सत्यापन

देहरादून में बढ़ते अपराध पर डीएम सख्त, होमस्टे-होटल्स का होगा व्यापक सत्यापन

गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई, बिना लाइसेंस शराब परोसने पर 1 लाख जुर्माना

देहरादून | 02 अप्रैल 2026
भारत केसरी

जनपद के नगरीय क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर होमस्टे, होटल, वेडिंग प्वाइंट्स और अन्य आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों के व्यापक सत्यापन के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को टीम गठित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जिसके तहत सभी प्रतिष्ठानों की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जिले में वर्तमान में कुल 1057 होमस्टे पंजीकृत हैं, जिनमें से करीब 350 नगरीय क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं। प्रशासन ने इन सभी इकाइयों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने राज्य सरकार की होमस्टे गाइडलाइन के अनुरूप चेकलिस्ट तैयार कर सघन निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन हो सके।

इसके साथ ही, होमस्टे, होटल और वेडिंग प्वाइंट्स में ओकेजनल बार लाइसेंस जारी करने से पहले सख्त जांच के निर्देश दिए गए हैं। बिना लाइसेंस या निर्धारित समय के बाद शराब परोसने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि नियमों के उल्लंघन पर न्यूनतम 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाए और आवश्यकतानुसार मुकदमा भी दर्ज किया जाए।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।