रुड़की में STF का बड़ा एक्शन: 101 LPG सिलेंडर बरामद, जमाखोरी का भंडाफोड़
रुड़की में STF का बड़ा एक्शन: 101 LPG सिलेंडर बरामद, जमाखोरी का भंडाफोड़
ऑपरेशन प्रहार के तहत छापेमारी, कालाबाजारी के नेटवर्क पर STF की सख्त कार्रवाई
**देहरादून/रुड़की
भारत केसरी
उत्तराखंड STF ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की के साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में छापेमारी कर 101 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतों के आधार पर की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एक ही स्थान से बड़ी संख्या में अवैध रूप से संग्रहित सिलेंडर पकड़े। बरामद सिलेंडरों में अधिकांश ‘इंद्रा गैस’ कंपनी के बताए जा रहे हैं।



**कालाबाजारी का खेल उजागर**
STF को इनपुट मिला था कि गैस की कमी का फायदा उठाकर कुछ लोग घरेलू गैस सिलेंडरों को जमा कर होटल और ढाबा संचालकों को ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर टीम ने सटीक कार्रवाई करते हुए इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
**मौके से आरोपी फरार**
जांच में सामने आया कि ये सिलेंडर साउथ सिविल लाइंस निवासी जयवीर पुत्र करण सिंह द्वारा अवैध रूप से जमा किए गए थे। हालांकि, छापेमारी के दौरान आरोपी मौके पर नहीं मिला और फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
**खाद्य आपूर्ति विभाग को सौंपे गए सिलेंडर**
मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को बुलाकर सभी बरामद सिलेंडरों को विधिक प्रक्रिया के बाद उनके सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
**कार्रवाई में शामिल टीम**
इस कार्रवाई में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाईं, महेंद्र सिंह नेगी और संजय की अहम भूमिका रही।
**STF का संदेश**
STF ने साफ किया है कि आम जनता से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
