पौड़ी में गुलदार का आतंक: मासूम बच्चे की मौत पर कांग्रेस का सरकार पर हमला
पौड़ी में गुलदार का आतंक: मासूम बच्चे की मौत पर कांग्रेस का सरकार पर हमला
पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, मुआवजे और ठोस कार्रवाई की मांग
देहरादून | 4 अप्रैल 2026
भारत केसरी
उत्तराखण्ड के पौड़ी जनपद में गुलदार के हमले में एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद सियासत तेज हो गई है। विकासखंड पोखड़ा के तिमली गांव के भतकोट क्षेत्र में हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और गहरा शोक व्यक्त किया।




गणेश गोदियाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचकर परिजनों का हालचाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार और वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे वन्यजीव हमलों को लेकर कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ कृषि और बागवानी भी प्रभावित हो रही है। “सरकार और वन विभाग इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह संवेदनहीन बने हुए हैं,” उन्होंने आरोप लगाया।
गोदियाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में गुलदार के आतंक को रोकने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए।
उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर कांग्रेस नेता कबीन्द्र इस्टवाल, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंत्यूरा सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
