साई मंदिर सुभाष नगर में दो दिवसीय आध्यात्मिक शिविर का समापन, साधना आराधना शिविर में गूंजे भजन-ध्यान, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल
देहरादून में दो दिवसीय साधना आराधना शिविर सम्पन्न, समर्पण और अध्यात्म का दिया संदेश।
साई मंदिर सुभाष नगर में जुटे सैकड़ों श्रद्धालु, भजन-ध्यान और आध्यात्मिक सत्रों से हुआ वातावरण भक्तिमय
देहरादून | भारत केसरी
श्री सत्य साई सेवा संगठन उत्तराखण्ड द्वारा सुभाष नगर स्थित साई मंदिर में आयोजित दो दिवसीय साधना आराधना शिविर का रविवार को समापन हो गया। शिविर में प्रदेशभर से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक साधना और आत्मिक उन्नति का अनुभव किया।
शिविर का शुभारंभ 4 अप्रैल को प्रशांति ध्वजारोहण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष कर्नल योगेन्द्र सिंह ने शिविर के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। नेशनल आध्यात्मिक कोऑर्डिनेटर मुरली जाजू ने वर्चुअल माध्यम से अपने विचार रखे।

दूसरे दिन आयोजित विभिन्न सत्रों में वेद मंत्र उच्चारण, भजन, व्यक्तिगत साधना, ज्योति ध्यान, विद्या ज्योति एवं स्टडी सर्कल शामिल रहे। ऑल इंडिया प्रेसिडेंट निमिष पांड्या एवं कमला पांड्या ने भी ऑनलाइन जुड़कर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दिया। डॉ. ओ.पी. गुप्ता ने अध्यात्म, स्वास्थ्य और युवाओं की भूमिका पर विशेष व्याख्यान दिया।
दोपहर सत्र में पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में साई समिति की भूमिका, सेवा प्रकल्पों, नगर संकीर्तन और श्रीमद् भगवद्गीता की महत्ता पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अध्यात्म व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास में अहम भूमिका निभाता है।
शिविर के दौरान “समर्पण की प्रार्थना” का विशेष संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं को बताया गया कि जीवन की चिंताओं और भय को ईश्वर को समर्पित करने से आंतरिक शांति और आत्मविश्वास प्राप्त होता है।

![]()
समापन सत्र में नए दायित्वों की घोषणा के साथ महा मंगल आरती आयोजित की गई। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सेवा भावना को सुदृढ़ करते हैं।
प्रदेशाध्यक्ष कर्नल योगेन्द्र सिंह एवं बीना जोशी ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
पूरी खबर के लिए लिंक पर जाएं
*Bharat Kesari DIGITAL*
https://www.facebook.com/share/v/18ePvau7Ln/
