शादी समारोह में गैस सिलेंडर लेने वालों के लिए खुशखबरी, बस एक कागज की जरूरत पूरी खबर ।
शादी समारोह में गैस सिलेंडर के लिए अब शपथ पत्र अनिवार्य, 10 दिन पहले करना होगा आवेदन।
देहरादून में विवाह हेतु अधिकतम 2 व्यावसायिक सिलेंडर मिलेंगे, क्यूआरटी की कार्रवाई में 4 घरेलू सिलेंडर जब्त
भारत केसरी
देहरादून। उत्तराखंड में शादी-विवाह समारोहों के लिए गैस सिलेंडर लेने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नया नियम लागू किया गया है। अब आवेदकों को ₹10 के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशों के अनुसार, विवाह समारोह के लिए अधिकतम 2 व्यावसायिक गैस सिलेंडर ही आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए आवेदनकर्ता को शादी का कार्ड, आधार कार्ड और शपथ पत्र संलग्न करते हुए समारोह से 10 से 12 दिन पहले आवेदन करना होगा।
यह आवेदन देहरादून नगर क्षेत्र में जिला पूर्ति कार्यालय तथा सभी तहसीलों में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में किया जाएगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवेदन मिलने पर गैस एजेंसियों के माध्यम से समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ये सिलेंडर अस्थायी रूप से दिए जाएंगे और उपयोग के बाद शीघ्र वापस करना होगा। अब तक जिले में 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। साथ ही गैस एजेंसियों को 10 प्रतिशत व्यावसायिक सिलेंडर स्टॉक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को राहत देने के लिए 5 किलोग्राम गैस सिलेंडर की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। तेल कंपनियों को भी पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
वहीं, एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित क्यूआरटी लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर अब तक 13 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, जिले में एक दिन में 13,388 घरेलू और 807 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि विवाह समारोह के लिए समय से आवेदन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
* शादी में गैस के लिए ₹10 स्टांप पर शपथ पत्र जरूरी
* अधिकतम 2 व्यावसायिक सिलेंडर ही मिलेंगे
* 10–12 दिन पहले करना होगा आवेदन
* क्यूआरटी की कार्रवाई में 4 घरेलू सिलेंडर जब्त
* 5 किलो सिलेंडर से छोटे उपभोक्ताओं को राहत
