DEHRADUNDM DEHRADUN

देहरादून में वंचित बच्चों के लिए नई पहल, इंटेंसिव केयर सेंटर बना उम्मीद की किरण

देहरादून में वंचित बच्चों के लिए नई पहल, इंटेंसिव केयर सेंटर बना उम्मीद की किरण

शिक्षा के साथ कौशल विकास, 325 बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ा गया

देहरादून |भारत केसरी

मा0 मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के प्रयासों से देहरादून में वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। साधु राम इंटर कॉलेज में संचालित राज्य का पहला मॉडल इंटेंसिव केयर सेंटर अब भटके हुए बच्चों के लिए नई उम्मीद बनकर उभर रहा है।


इस सेंटर में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ कंप्यूटर, संगीत, योग और खेलकूद जैसी गतिविधियों के माध्यम से कौशल विकास का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। यहां बच्चों को निःशुल्क समग्र शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

सेंटर में स्थापित आधुनिक स्मार्ट लाइब्रेरी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वातानुकूलित सुविधा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और विशेष फर्नीचर से सुसज्जित यह लाइब्रेरी बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा रही है। आगंतुक भी इस पहल की सराहना कर रहे हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने भिक्षावृत्ति और बाल श्रम में संलिप्त बच्चों को चिन्हित कर उनकी काउंसलिंग की और उन्हें शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया। स्वैच्छिक संस्थाओं के सहयोग से संचालित इस सेंटर में बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिलाने के साथ उनके भविष्य को संवारने का प्रयास किया जा रहा है।

अब तक 325 बच्चों का रेस्क्यू कर उन्हें शिक्षा से जोड़ा जा चुका है। इनमें 91 भिक्षावृत्ति में, 97 बाल मजदूरी में और 137 कूड़ा बीनने वाले बच्चे शामिल हैं। वर्तमान में सेंटर में 25 बच्चों को शिक्षा दी जा रही है।

सेंटर में आरबीएसके टीम द्वारा बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जा रहा है, जबकि पूरे संचालन का खर्च जिला प्रशासन द्वारा वहन किया जा रहा है।

यह पहल न केवल वंचित बच्चों के जीवन में बदलाव ला रही है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल भी बन रही है।