DEHRADUNDM DEHRADUN

देहरादून में पेंशन सत्यापन शिविर: 22 और 24 अप्रैल को अनिवार्य उपस्थिति, नहीं आए तो रुकेगी पेंशन

देहरादून में पेंशनरों के लिए बड़ा अलर्ट: 22 और 24 अप्रैल को लगेगा सत्यापन शिविर, गैरहाजिरी पर रुकेगी पेंशन

सहसपुर और डोईवाला ब्लॉक में विशेष कैंप, आधार और वोटर आईडी लाना अनिवार्य


देहरादून: जिले के पेंशनरों के लिए अहम खबर है। जिला प्रशासन के निर्देश पर समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा भौतिक सत्यापन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

यह शिविर प्रथम चरण में सहसपुर और डोईवाला विकासखंड में लगाए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल के अनुसार, 22 अप्रैल को सहसपुर ब्लॉक के ग्राम खुशहालपुर स्थित पंचायत भवन में और 24 अप्रैल को डोईवाला ब्लॉक के राइका बुल्लावाला में सुबह 11 बजे से सत्यापन प्रक्रिया शुरू होगी।

इन शिविरों में समाज कल्याण, महिला कल्याण और ग्राम्य विकास विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रहेगी। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम प्रधान सहित सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि मौके पर ही सत्यापन कार्य पूरा किया जा सके।

पेंशनरों को स्वयं उपस्थित होकर अपना आधार कार्ड और वोटर आईडी की मूल प्रति साथ लानी होगी। इसमें वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा और परित्यक्ता पेंशनधारक शामिल हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि निर्धारित तिथि पर सत्यापन नहीं कराने वाले पेंशनरों की पेंशन रोक दी जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना बाधा मिलता रहे।