DEHRADUN

युवा सेवा दल का रक्तदान शिविर शुरू, धस्माना ने किया शुभारंभ

युवा सेवा दल का रक्तदान शिविर शुरू, धस्माना ने किया शुभारंभ

पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा की अध्यक्षता में आयोजन, रक्तदान को बताया “महादान”

देहरादून, भारत केसरी
सामाजिक सरोकारों में सक्रिय युवा सेवा दल द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ रविवार को मुख्य अतिथि एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देहरादून के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने की।

इस अवसर पर धस्माना ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान, कन्यादान और गौदान की ही तरह “महादान” की श्रेणी में आता है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने युवा सेवा दल के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिलती है।


कार्यक्रम अध्यक्ष सुनील उनियाल गामा ने कहा कि रक्तदान शिविर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

शिविर में संस्था के अध्यक्ष संजीव मिनोचा, अमीचंद सोनकर, नितिन माटा, आदित्य नय्यर, अनुज दत्त शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।