DEHRADUNDM DEHRADUN

देहरादून में अवैध गैस कारोबार का भंडाफोड़, 327 सिलेंडरों से भरा वाहन कब्जे में

देहरादून | 19 अप्रैल 2026

देहरादून में जिला प्रशासन ने अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गैस कारोबार का पर्दाफाश किया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर क्यूआरटी टीम द्वारा देर रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास स्थित एक बंद पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। सूचना के आधार पर टीम ने रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक कार्रवाई करते हुए मौके से 32 गैस सिलेंडर और 4 रिफिलिंग उपकरण जब्त किए।

छापेमारी के दौरान एक वाहन (UP17BT0390) को भी कब्जे में लिया गया, जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे हुए थे। हालांकि, मौके से वाहन चालक फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सिलेंडर लोनी गैस प्लांट से लाए गए थे और इन्हें अवैध रूप से रिफिल कर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।

प्रशासन के अनुसार यह गतिविधि आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन है और इससे जनसुरक्षा को भी गंभीर खतरा है। मामले में पटेल नगर थाना देहरादून में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रशासन ने साफ किया है कि जनपद में अवैध गैस कारोबार और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।