HEALTH NEWSUttrakhand

मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल देहरादून में ‘विश्व लिवर दिवस’ के अवसर पर एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया

देहरादून | 19 अप्रैल 2026

मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल देहरादून में ‘विश्व लिवर दिवस’ के अवसर पर एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को लिवर के स्वास्थ्य के प्रति सजग करना और बीमारियों की समय रहते पहचान के महत्व को समझाना था।

विशेषज्ञों ने बताया कि आज के समय में लिवर से जुड़ी बीमारियां—जैसे फैटी लिवर रोग, हेपेटाइटिस और सिरोसिस—तेजी से बढ़ रही हैं। इसके पीछे असंतुलित खान-पान, शराब का सेवन, मोटापा और शारीरिक निष्क्रियता मुख्य कारण माने जा रहे हैं।

अस्पताल के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं लिवर ट्रांसप्लांट के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मयंक नौटियाल ने कहा कि लिवर की बीमारियां अक्सर शुरुआती चरण में बिना लक्षण के विकसित होती हैं, जिससे इन्हें “साइलेंट डिजीज” कहा जाता है। उन्होंने नियमित जांच और समय पर स्क्रीनिंग की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।

डॉ. नौटियाल ने बताया कि लिवर शरीर में डिटॉक्स, पाचन, मेटाबॉलिज्म और पोषक तत्वों के भंडारण जैसे कई अहम कार्य करता है। उन्होंने लोगों को संतुलित आहार लेने, वजन नियंत्रित रखने, मधुमेह को नियंत्रण में रखने, नियमित व्यायाम करने और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचने की सलाह दी।

उन्होंने ‘लिवर फंक्शन टेस्ट’ की उपयोगिता पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि यह जांच शुरुआती स्तर पर ही लिवर की समस्याओं का पता लगाने में मदद करती है। साथ ही यदि किसी व्यक्ति को लगातार थकान, पीलिया, भूख में कमी, मतली या अचानक वजन कम होने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

अस्पताल प्रबंधन ने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय सलाह और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने लिवर को सुरक्षित रखें। जागरूकता, समय पर निदान और निवारक देखभाल से लिवर संबंधी बीमारियों के बढ़ते खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।