Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

आजादी के नायकों के सम्मान पर सियासत तेज, देहरादून में कांग्रेस की बैठक में सरकार पर बड़ा हमला

देहरादून में कांग्रेस की अहम बैठक, गणेश गोदियाल ने सरकार पर साधा निशाना

देहरादून | 19 अप्रैल 2026

देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में गणेश गोदियाल की उपस्थिति में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए वर्तमान सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए गोदियाल ने कहा कि देश आज जिन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की बदौलत आज़ाद है, उनकी विचारधारा और मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर रही है और देश की मूल भावना को आघात पहुंचा रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के बताए मार्ग पर चलते हुए अन्याय और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूत आवाज उठाएं तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें।

बैठक में संगठन को सशक्त बनाने, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान की रक्षा करने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया। प्रकोष्ठ के महामंत्री अवधेश पंत ने आगामी रणनीतियों पर चर्चा करते हुए 2027 के चुनावी घोषणा पत्र में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को प्रमुख स्थान देने की मांग रखी।


इस दौरान प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर द्वारा गणेश गोदियाल का चरखा एवं गंगा माई की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा महर दसौनी, विधायक लखपत सिंह बुटोला, जनकवि अतुल शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।

बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।