देहरादून में चुनावी तैयारी हाई अलर्ट पर, 1882 बूथों पर होगा बड़ा पुनरीक्षण
देहरादून में मतदाता पुनरीक्षण की तैयारी तेज, 81% मैपिंग पूरी
राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 1882 बूथों पर होगा विशेष पुनरीक्षण
देहरादून | 25 अप्रैल 2026 , भारत केसरी
आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि बीएलओ एप के माध्यम से मतदाताओं की 81 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य तेजी से जारी है। राजनीतिक दलों को अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं की सूची के साथ नए मतदाताओं से जुड़े प्रारूप भी उपलब्ध कराए गए।

जनपद के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1882 मतदेय स्थलों पर पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा। इसके अलावा मतदाताओं की सुविधा के लिए 164 नए बूथों का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

प्रशासन ने सभी दलों से प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील की है, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरी हो सके। साथ ही “Book a Call with BLO” सुविधा और टोल-फ्री नंबर 1950 के माध्यम से मतदाता अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

