विश्व मलेरिया दिवस पर देहरादून में अलर्ट: जागरूकता अभियान तेज, स्वास्थ्य विभाग सक्रिय
विश्व मलेरिया दिवस पर देहरादून में जागरूकता अभियान तेज, कार्यशालाओं का आयोजन
देहरादून | 25 अप्रैल 2026, भारत केसरी
विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जनपद देहरादून में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य चिकित्सालयों में मलेरिया से बचाव और नियंत्रण को लेकर विविध गतिविधियां संपन्न की गईं।


कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून में आयोजित गोष्ठी एवं कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने की। इस दौरान आशा फैसिलिटेटर्स को मलेरिया के लक्षण, बचाव के उपाय तथा क्या करें और क्या न करें संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि मलेरिया एनोफिलीज प्रजाति के मादा मच्छर के काटने से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, बेचैनी, अत्यधिक पसीना आना और उल्टी शामिल हैं। आमजन से अपील की गई कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और समय पर उपचार लें।


बैठक में मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान को और तेज करें। साथ ही मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की नियमित साफ-सफाई, जलभराव रोकने और मच्छरदानी के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में डॉ. मनोज शर्मा (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), डॉ. निधि रावत (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन), श्री सुभाष जोशी (जिला मलेरिया अधिकारी), डॉ. मनीषा बिष्ट (डिस्ट्रिक्ट वेक्टर बॉर्न डिजीज कंसल्टेंट) सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी, आशा फैसिलिटेटर एवं स्टाफ मौजूद रहे।

