देहरादून में अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर सख्त कार्रवाई, कई जगह औचक निरीक्षण
देहरादून में अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण
देहरादून, भारत केसरी
पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के तहत देहरादून जिले में अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर सख्त निगरानी जारी है। जिला निरीक्षण एवं मूल्यांकन समिति ने विकासनगर और सहसपुर क्षेत्र में कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई अहम निर्देश भी दिए गए।


देहरादून में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निरीक्षण अभियान चलाया। एसीएमओ विकासनगर डॉ. विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न केंद्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सुभारती चिकित्सालय, झाझरा में नई अल्ट्रासाउंड मशीनों के पंजीकरण की प्रक्रिया की जांच की गई। यहां मशीनों में एक्टिव ट्रैकर पाए गए, लेकिन गर्भवती महिलाओं के रिकॉर्ड में आईडी प्रूफ के साथ स्थानीय पता दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
सेलकुई स्थित मीनाक्षी मेडिकेयर हॉस्पिटल में भी नई मशीन के पंजीकरण को लेकर निरीक्षण किया गया। यहां भी रिकॉर्ड में सुधार के निर्देश दिए गए।
हरबर्टपुर के क्रिश्चियन हॉस्पिटल में पंजीकरण नवीनीकरण के दौरान दस्तावेजों और मशीनों की जांच की गई, जहां व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।


वहीं विकासनगर के देवभूमि हॉस्पिटल में स्वामित्व परिवर्तन के बाद नए पंजीकरण के लिए निरीक्षण किया गया। समिति ने शर्त रखी कि केंद्र में केवल स्त्री एवं प्रसूति रोग (Obst & Gynae) से संबंधित अल्ट्रासाउंड ही किए जाएंगे।
इसके अलावा सहसपुर के शंकरपुर स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज निरीक्षण के दौरान बंद पाया गया, जिसके पुनः निरीक्षण का प्रस्ताव रखा गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि रावत ने स्पष्ट किया कि पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के तहत किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी केंद्रों को नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।

