DEHRADUNDM DEHRADUN

देहरादून में दिव्यांगजनों के लिए वरदान बना डीडीआरसी सेंटर

दिव्यांगजन के लिए वरदान बना डीडीआरसी

 

देहरादून , भारत केसरी

देहरादून में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की पहल रंग लाने लगी है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय में संचालित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र यानी डीडीआरसी अब दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरा है।

 

जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की संयुक्त पहल से हर बुधवार गांधी शताब्दी अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही डीडीआरसी हेल्पलाइन नंबर 8791009301 के जरिए दिव्यांगजन घर बैठे जरूरी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।

 

सितंबर 2025 से शुरू हुए इस केंद्र में अब तक 600 से अधिक यूडीआईडी कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 600 नए दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। इसके अलावा 250 प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण भी किया गया है।

 

दीपांकर घिल्डियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद देहरादून में वर्ष 2009 से अब तक 30 हजार 739 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। वहीं 1,064 प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण भी किया गया है। गांधी शताब्दी अस्पताल के अलावा विकासनगर उप जिला चिकित्सालय में भी नियमित रूप से दिव्यांग बोर्ड की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

केंद्र में दिव्यांग बच्चों के लिए स्पीच थेरेपी, फिजियोथैरेपी और लर्निंग थेरेपी जैसी विशेष निशुल्क सुविधाएं भी दी जा रही हैं, जिससे बच्चों के विकास में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।

 

डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

डीडीआरसी से लाभान्वित दिव्यांगजन भी प्रशासन की इस पहल की सराहना कर रहे हैं। लाभार्थी मनोज बहुगुणा का कहना है कि पहले यूडीआईडी कार्ड बनवाने में काफी दिक्कतें आती थीं, लेकिन अब केंद्र में आसानी से प्रक्रिया पूरी हो रही है।

 

मनोज बहुगुणा, लाभार्थी

दिव्यांगजनों को सम्मान और अधिकार दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन की यह पहल अब जमीनी स्तर पर असर दिखा रही है। डीडीआरसी न केवल प्रमाण पत्र और पहचान उपलब्ध करा रहा है, बल्कि दिव्यांग बच्चों के भविष्य को भी नई दिशा देने का काम कर रहा है।