डीएम सविन बंसल की पहल से एनआईसी कार्यालय का हाईटेक कायाकल्प, ई-गवर्नेंस व्यवस्था होगी और मजबूत
डिजिटल इंडिया को देहरादून से नई रफ्तार!
डीएम सविन बंसल की पहल से एनआईसी कार्यालय का हाईटेक कायाकल्प, ई-गवर्नेंस व्यवस्था होगी और मजबूत

देहरादून। भारत केसरी
डिजिटल इंडिया मिशन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने की दिशा में देहरादून जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी **सविन बंसल** की विशेष पहल पर कलेक्ट्रेट स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) कार्यालय का आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप कायाकल्प किया गया, जिसका शनिवार को विधिवत उद्घाटन किया गया।

नव-नवीनीकृत एनआईसी कार्यालय अब अत्याधुनिक संसाधनों और बेहतर तकनीकी सुविधाओं से लैस होगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति और पारदर्शिता बढ़ेगी। कार्यालय में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी समेत समस्त तकनीकी स्टाफ के लिए आधुनिक कार्यस्थल तैयार किए गए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि एनआईसी शासन और प्रशासन की डिजिटल व्यवस्थाओं की रीढ़ है। इसके सुदृढ़ीकरण से ई-गवर्नेंस सेवाओं को नई दिशा मिलेगी और विभिन्न विभागों के कार्यों का संचालन अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम हो सकेगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्यों में भी यह व्यवस्था बेहद उपयोगी साबित होगी।

एनआईसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी का आभार जताते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा और आम जनता तक डिजिटल सेवाएं अधिक पारदर्शिता और तेजी से पहुंच सकेंगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी, सचिवालय एनआईसी राज्य इकाई प्रमुख अरविंद कुमार दाधीचि, अपर राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी राजीव जोशी, वरिष्ठ निदेशक आईटी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डे, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीप्ति चमोली सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
